home page

लेह से केंद्र शासित प्रदेश के सात गंतव्यों के लिए रियायती एकल-इंजन हेलीकॉप्टर सेवाएं फिर से शुरू

 | 

लेह, 30 सितंबर (हि.स.)। लद्दाख प्रशासन ने केंद्र शासित प्रदेश के भीतर हवाई संपर्क को मजबूत करने और कड़ाके की ठंड के महीनों में दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच में सुधार लाने के लिए लेह से केंद्र शासित प्रदेश के सात गंतव्यों के लिए रियायती एकल-इंजन हेलीकॉप्टर सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि ये सेवाएं जो 29 सितंबर से पुनः शुरू हुई हैं, केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा समर्थित वेट लीज समझौते के तहत पवन हंस लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवाएं लेह को सात गंतव्यों - कारगिल, पदुम, लिंगशेड, डिब्लिंग, न्येराक, डिस्किट और तुरतुक से जोड़ती हैं जिससे निवासियों और पर्यटकों के लिए परिवहन का एक वैकल्पिक साधन उपलब्ध होता है और आपातकालीन चिकित्सा आवश्यकताओं में भी सहायता मिलती है।

प्रवक्ता ने बताया कि लेह-कारगिल मार्ग के लिए रियायती किराया 7,750 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है जिसकी उड़ान अवधि लगभग 50 मिनट है। वहीं लेह-पदुम मार्ग के लिए लगभग 45 मिनट का समय लगेगा और इसका किराया 6,975 रुपये होगा। उन्होंने बताया कि लेह-लिंगशेड, लेह-दिब्लिंग, लेह-न्येराक और लेह-डिस्किट मार्ग के लिए किराया 4,650 रुपये प्रति यात्री है जिसकी उड़ान अवधि लगभग 30 मिनट है। लेह-तुरतुक मार्ग के लिए उड़ान अवधि लगभग 40 मिनट है और रियायती किराया 6,190 रुपये है।

प्रवक्ता ने बताया कि ये उड़ानें अनुभवी, उपकरण-रेटेड लाइसेंस प्राप्त चालक दल द्वारा संचालित की जा रही हैं और हवाई अड्डे की सुरक्षा और यात्रियों की जांच के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासनों को आवश्यक रसद सहायता प्रदान करने, नामित हेलीपैडों की परिचालन तत्परता सुनिश्चित करने और सेवाओं के प्रभावी समन्वय के लिए संपर्क/नोडल अधिकारियों को नामित करने का निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता