home page

जम्मू कश्मीर के संवेदनशील क्षेत्रों में कुछ समय के लिए तेज बारिश से अचानक बाढ़ व भूस्खलन जैसी आपदाएं आ सकती हैं -मौसम विभाग

 | 

श्रीनगर, 01 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक आमतौर पर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि संवेदनशील क्षेत्रों में कुछ समय के लिए तेज बारिश हो सकती है जिससे अचानक बाढ़, भूस्खलन और मिट्टी का खिसकना जैसी आपदाएं आ सकती हैं।

श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी नवीनतम मौसम जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है। कठुआ में सबसे अधिक 73 मिमी बारिश दर्ज की गई इसके बाद कटरा में 62 मिमी, पुंछ में 38.5 मिमी और उधमपुर में 27 मिमी बारिश हुई। 1 और 2 सितंबर के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने आमतौर पर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर एक या दो बार हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है।

जम्मू डिवीजन के कुछ हिस्सों में विशेष रूप से सुबह, दोपहर और शाम के समय कुछ समय के लिए तेज बारिश होने की संभावना है। 3 सितंबर को मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की उम्मीद है हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 4 सितंबर को कई स्थानों पर फिर से बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है साथ ही कुछ समय के लिए तेज बारिश भी हो सकती है।

5 से 12 सितंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है हालांकि कुछ छिटपुट स्थानों पर मुख्य रूप से सुबह, दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने 1-2 सितंबर के लिए एक चेतावनी जारी की है जिसमें कहा गया है कि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश से अचानक बाढ़, भूस्खलन और मिट्टी का खिसकना हो सकता है खासकर संवेदनशील और पहाड़ी क्षेत्रों में। जम्मू-कश्मीर के लिए हाल ही में जारी मौसम संबंधी चेतावनियों में भी इसी तरह की चिंताएं जताई गई हैं।

इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि किसान स्थानीय मौसम की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कटाई और अन्य कृषि कार्य जारी रख सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता