home page

ऐतिहासिक मुबारक मंडी में पद्म विभूषण पंडित शिव कुमार शर्मा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

 | 
ऐतिहासिक मुबारक मंडी में पद्म विभूषण पंडित शिव कुमार शर्मा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि


जम्मू, 10 मई (हि.स.)। जम्मू के ऐतिहासिक मुबारक मंडी में पद्म विभूषण से सम्मानित महान संतूर वादक शिव कुमार शर्मा की पुण्यतिथि पर रविवार को भावुक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से इसलिए महत्वपूर्ण रहा क्योंकि मुबारक मंडी वही स्थान है जहां पंडित जी ने अपने बचपन के कई वर्ष बिताए थे और संगीत की प्रारंभिक साधना की थी।

कार्यक्रम के दौरान संतूर की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। कलाकारों, संगीत प्रेमियों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने पंडित शिव कुमार शर्मा जी को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उन्हें जम्मू की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत को विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

13 जनवरी 1938 को जम्मू में जन्मे पंडित शिव कुमार शर्मा ने अपने पिता उमा दत्त शर्मा से गायन और तबले की शिक्षा प्राप्त की थी। बाद में उन्होंने संतूर को अपनी साधना का माध्यम बनाया और वर्षों की मेहनत व नवाचार से इसे लोक वाद्य से निकालकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित शास्त्रीय वाद्य बना दिया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया के साथ उनकी मशहूर जोड़ी “शिव-हरि” को भी याद किया गया। दोनों कलाकारों ने मिलकर सिलसिला, चांदनी और लम्हे जैसी फिल्मों में यादगार संगीत दिया, जिसे आज भी लोग बेहद पसंद करते हैं।

वक्ताओं ने बताया कि पंडित शिव कुमार शर्मा को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, पद्मश्री और पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया था।

इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक दीपक शर्मा ने जम्मू-कश्मीर सरकार और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की कि पंजतीर्थी चौक के पास पंडित शिव कुमार शर्मा जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए। साथ ही किसी सभागार, संगीत चौक या सांस्कृतिक केंद्र का नाम उनके नाम पर रखने का भी सुझाव दिया। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर महान संतूर वादक को श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि भले ही पंडित शिव कुमार शर्मा जी आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी संतूर की मधुर धुनें सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा