home page

स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल समाप्त-मंत्री सकीना इटू के आश्वासन के बाद बड़ा फैसला, वेतन कटौती नहीं होगी

 | 

जम्मू, 06 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में पिछले कई दिनों से जारी स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल आज समाप्त हो गई। यह फैसला स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू के साथ हुई अहम बैठक के बाद लिया गया, जिसमें कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने 24×7 ड्यूटी रोस्टर, रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिनों में काम करने के बावजूद वेतन से ढाई दिन की कटौती किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर मंत्री ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि इस तरह की वेतन कटौती न केवल अनुचित है, बल्कि भविष्य में इसे पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। मंत्री सकीना इटू ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी कठिन परिस्थितियों और स्टाफ की कमी के बावजूद पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे हैं, जो सराहनीय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किया जाएगा और कर्मचारियों को उचित वेतन दिया जाएगा। सरकार के सकारात्मक रुख के बाद ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने हड़ताल को फिलहाल तीन सप्ताह के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार अपने वादों को जल्द अमल में लाएगी। यह बैठक सरकार और स्वास्थ्य कर्मियों के बीच संवाद के जरिए समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आम जनता को भी राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया