home page

दूरदराज के ग्रीष्मकालीन डेरों में पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं, नि:शुल्क दवाएं भी वितरित

 | 
दूरदराज के ग्रीष्मकालीन डेरों में पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं, नि:शुल्क दवाएं भी वितरित


जम्मू, 25 सितंबर (हि.स.)। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय सेना ने रामबन जिले की तहसील खारी के पथालन में चिकित्सा शिविर लगाया। ग्रीष्मकालीन प्रवास पर रह रहे गुज्जर और बकरवाल समुदाय के लोगों के लिए आयोजित शिविर में सेना के चिकित्सा कर्मियों ने सरकारी स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों और अधिकारियों के सहयोग से स्वास्थ्य जांच की।

शिविर के दौरान लोगों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ उनकी जरूरत के अनुसार नि:शुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। चिकित्सा टीम ने स्थानीय लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, मौसमी बीमारियों से बचाव और समय पर चिकित्सा सहायता लेने के महत्व के बारे में जागरूक किया। दुर्गम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने सेना और स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और स्थानीय लोगों से संपर्क मजबूत करने का प्रयास किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा