home page

स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने घायल अमरनाथ यात्रियों से एसकेआईएमएस जाकर की मुलाकात

 | 

श्रीनगर, 28 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा, स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा और समाज कल्याण मंत्री सकीना इट्टू ने मंगलवार को शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज सौरा का दौरा किया। उन्होंने गांदरबल में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना में घायल हुए अमरनाथ यात्रियों की सेहत और हाल-चाल के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायल यात्रियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनके इलाज व ठीक होने की प्रक्रिया के बारे में पूछा।

उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि हर मरीज को बेहतरीन चिकित्सा देखभाल और हर संभव मदद मिले। सकीना इट्टू ने इलाज की स्थिति का आकलन करने के लिए वहां मौजूद डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से भी बातचीत की और घायल यात्रियों के लिए की जा रही कोशिशों पर संतोष व्यक्त किया। घायल यात्रियों के जल्द ठीक होने की कामना करते हुए मंत्री ने उनके अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की और प्रभावित लोगों को अच्छी चिकित्सा देखभाल और हर संभव सहायता प्रदान करने के सरकार के संकल्प को दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता