home page

प्रो. हरलीन कौर को डोडा के सरकारी मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल के रूप में सौंपा गया कार्यभार

 | 

डोडा, 12 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने डोडा के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए प्रोफेसर (डॉ.) हरलीन कौर को प्रिंसिपल का पदभार सौंपा है।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी सरकारी आदेश संख्या 774-जेके (एचएमई) दिनांक 12 नवंबर, 2026 के अनुसार सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू के सूक्ष्म जीव विज्ञान विभाग की प्रोफेसर (डॉ.) हरलीन कौर को तत्काल प्रभाव से जीएमसी डोडा का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि यह व्यवस्था प्रशासन के हित में और सरकारी मेडिकल कॉलेज डोडा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए की गई है। इसमें यह भी स्पष्ट किया गया है कि सरकार द्वारा स्थायी नियुक्ति होने तक डॉ. हरलीन कौर इस पद पर बनी रहेंगी।

यह आदेश जम्मू और कश्मीर सरकार की ओर से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त/सचिव सौगत बिस्वास (आईएएस) द्वारा जारी किया गया है। यह कदम जीएमसी डोडा के संस्थागत कामकाज और प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से चलाने में सहायक होगा जब तक कि इस पद पर स्थायी नियुक्ति नहीं हो जाती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता