home page

कठुआ में एचएडीपी की समीक्षा-डीसी ने किसान नामांकन और क्रेडिट लिंकिंग बढ़ाने के दिए निर्देश

 | 
कठुआ में एचएडीपी की समीक्षा-डीसी ने किसान नामांकन और क्रेडिट लिंकिंग बढ़ाने के दिए निर्देश


कठुआ, 02 मई (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को डीसी ऑफिस कॉम्प्लेक्स में बैठक कर एचएडीपी के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों के साथ कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं किसान नामांकन, क्रेडिट लिंकिंग और ग्राउंड लेवल आउटरीचकृपर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि दक्श किसान पोर्टल पर जिले के 41,428 कोर्सेज में किसानों ने नामांकन कराया है जिनमें से 35,662 को सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों का पोर्टल पर नामांकन सुनिश्चित किया जाए ताकि वे एचएडीपी के विभिन्न लाभों का पूरा फायदा उठा सकें।

उपायुक्त ने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और किसानों को समय पर प्रशिक्षण व लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में जम्मू-कश्मीर प्रतिस्पर्धात्मकता सुधार परियोजना, किसान खिदमत घर और अन्य ट्रैकिंग तंत्रों की भी समीक्षा की गई। साथ ही किसान संगठनों को अभियान से जोड़कर दूरदराज क्षेत्रों में किसानों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

क्रेडिट लिंकिंग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों और बैंकों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों को वित्तीय सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड स्तर पर निगरानी और समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी बल दिया। उपायुक्त ने कहा कि एचएडीपी एक परिवर्तनकारी पहल है जिसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, उत्पादकता सुधारना और कृषि क्षेत्र में सतत विकास को बढ़ावा देना है। इसलिए इसकी प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। बैठक में सीपीओ रंजीत ठाकुर सहित कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य और सहकारी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया