जीडीसी बसोहली में नशा मुक्त भारत पर अतिथि व्याख्यान व रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित
कठुआ/बसोहली, 24 फरवरी (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली की एनएसएस इकाई ने प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा के मार्गदर्शन में 7 दिवसीय विशेष शीतकालीन शिविर 2026 के अंतर्गत ‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर अतिथि व्याख्यान और रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ जिसके बाद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशन लाल ने मुख्य अतिथि समाजसेवी शिव कुमार पढ़ा का स्वागत किया। अपने संबोधन में शिव कुमार पढ़ा ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से समाज में जागरूकता फैलाने और नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा ने एनएसएस इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रितेश डोबलिया और प्रिया देवी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. विशाल शर्मा ने प्रस्तुत किया। इसके बाद आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता में 40 एनएसएस स्वयंसेवकों ने चार टीमों में भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन पीटीआई रोशन लाल शर्मा द्वारा किया गया जिसमें प्रियंका देवी के नेतृत्व में टीम सरोजिनी नायडू विजेता रही। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट टीम भावना, समन्वय और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

