home page

दादा-दादी के स्नेह और संस्कारों को समर्पित रहा ग्रैंडपेरेंट्स डे

 | 
दादा-दादी के स्नेह और संस्कारों को समर्पित रहा ग्रैंडपेरेंट्स डे


कठुआ, 21 अगस्त (हि.स.)। यूनिक मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल चड़वाल में ग्रैंडपेरेंट्स डे उत्साह और गर्मजोशी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के जीवन में दादा-दादी और नाना-नानी के महत्वपूर्ण योगदान तथा उनके संस्कारों के महत्व को रेखांकित करना रहा।

स्कूल के प्रधानाचार्य परशोत्तम शर्मा ने मुख्य अतिथि पूर्व सरपंच सीमांत शर्मा तथा विद्यार्थियों के साथ पहुंचे उनके दादा-दादी का स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों और उनके दादा-दादी के बीच संवाद व सहभागिता के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं जिनसे कार्यक्रम में पारिवारिक अपनापन देखने को मिला।

मुख्य अतिथि सीमांत शर्मा ने स्कूल प्रबंधन की पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से अपने दादा-दादी का सम्मान, प्रेम और देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग परिवार की परंपराओं, संस्कारों और मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधन ने मुख्य अतिथि, दादा-दादी, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने पारिवारिक रिश्तों के महत्व और पीढ़ियों के बीच मजबूत संबंधों का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया