एकता दिवस मोटरसाइकिल रैली में भाग लेकर लौटी पुलिस टीम का लखनपुर में भव्य स्वागत
कठुआ, 05 नवंबर (हि.स.)। गुजरात में आयोजित एकता दिवस मोटरसाइकिल रैली में सफलतापूर्वक भाग लेकर लौटी जम्मू-कश्मीर पुलिस और लद्दाख पुलिस की संयुक्त मोटरसाइकिल टीम का लखनपुर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर लखनपुर में 19 जेकेएपी आईआर की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यूनिट के कमांडेंट अतुल शर्मा (जेकेपीएस) ने अन्य अधिकारियों एवं जवानों के साथ रैली में शामिल पुलिस कर्मियों का स्वागत किया और उनकी सराहनीय भागीदारी एवं सफल अभियान के लिए सम्मानित किया। यह रैली राष्ट्रीय एकता, अखंडता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। इसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ का संदेश भी दिया गया। साथ ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया गया। इस दौरान रैली में शामिल जवानों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। समारोह ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पुलिस के बीच आपसी भाईचारे, सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

