home page

जम्मू में 3 सितंबर को धूमधाम से निकलेगी भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभा यात्रा

 | 

जम्मू,, 01 सितंबर (हि.स.)।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में जम्मू शहर में आगामी 3 सितंबर, गुरुवार को भव्य एवं विशाल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को लेकर आज श्री सनातन धर्म सभा, धर्मार्थ ट्रस्ट, धार्मिक युवक मंडल तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।

पत्रकार वार्ता के दौरान श्री सनातन धर्म सभा जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष पुरुषोत्तम दधीचि, धर्मार्थ ट्रस्ट के सचिव सेवानिवृत्त एसएसपी अशोक शर्मा, श्री सनातन धर्म सभा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रभात सिंह तथा कोषाध्यक्ष अनिल मगोत्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पुरुषोत्तम दधीचि ने जानकारी देते हुए बताया कि पारंपरिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभा यात्रा का शुभारंभ गीता भवन में विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात ऐतिहासिक श्री रघुनाथ जी मंदिर परिसर से किया जाएगा। यात्रा में सबसे आगे भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मुख्य रथ रहेगा जबकि इसके पीछे विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं बिरादरी संस्थाओं द्वारा तैयार की गई आकर्षक एवं संदेशपरक झांकियां नगर की परिक्रमा करेंगी।

पुरुषोत्तम दधीचि ने बताया कि झांकियों में शामिल संस्थाओं को प्रोत्साहित करने तथा उत्कृष्ट झांकियों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। इसमें सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति गुप्ता, दूरदर्शन के सेवानिवृत्त निदेशक डॉ. नसीब सिंह मन्हास तथा वरिष्ठ कलाकार एवं फिल्म निर्देशक सुशील कुमार भोला शामिल हैं। मुख्य आयोजन के 10 से 15 दिनों के भीतर एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली झांकियों के साथ-साथ सभी प्रतिभागी संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर धर्मार्थ ट्रस्ट के सचिव अशोक शर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सर्वसमाज से दलगत एवं व्यक्तिगत सीमाओं से ऊपर उठकर इस भव्य शोभा यात्रा में शामिल होने और इसकी शोभा बढ़ाने की अपील की। अशोक शर्मा ने विशेष रूप से बच्चों के अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को भी इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागी बनाएं ताकि नई पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं, भारतीय संस्कृति और अपनी गौरवशाली परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की भागीदारी से न केवल उनका संस्कारों से जुड़ाव मजबूत होगा बल्कि आने वाली पीढ़ी हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आयोजकों ने स्थानीय प्रशासन से भी अपील की कि शोभा यात्रा के मार्ग पर स्वच्छता, सुगम यातायात व्यवस्था, सड़कों की उचित मरम्मत तथा बिजली के तारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं एवं प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्री सनातन धर्म सभा एवं सहयोगी संगठनों ने व्यापार मंडलों, सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं, विभिन्न बिरादरी सभाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा आम जनमानस से आह्वान किया कि वे सपरिवार इस ऐतिहासिक एवं भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभा यात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करें और जम्मू की धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता का संदेश पूरे समाज तक पहुंचाएं।

प्रेस वार्ता में दिलीप गुप्ता, केशव चोपड़ा एवं अन्य सदस्य भी उपस्थित थे

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता