डोगरी उपन्यास “बदलदे रंग” का भव्य विमोचन, साहित्यिक विमर्श से गूंजा जम्मू
जम्मू, 20 मार्च (हि.स.)। डोगरी संस्था जम्मू द्वारा राइटर्स क्लब जम्मू में डोगरी उपन्यास “बदलदे रंग” के विमोचन का एक प्रभावशाली एवं बौद्धिक रूप से समृद्ध कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर साहित्यकारों, शिक्षाविदों, युवा लेखकों तथा डोगरी भाषा प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही जिससे पूरा वातावरण साहित्यिक उत्साह से भर उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ललित मगोत्रा ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में आर. डी. शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वीणा गुप्ता ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध डोगरी लेखक इंद्रजीत केसर द्वारा रचित उपन्यास “बदलदे रंग” का औपचारिक विमोचन रहा। चर्चा के दौरान बताया गया कि यह उपन्यास समकालीन समाज में बदलते सामाजिक परिवेश, मानवीय संबंधों और भावनात्मक जटिलताओं का संवेदनशील चित्रण प्रस्तुत करता है। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. ललित मगोत्रा ने क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि “बदलदे रंग” समाज का दर्पण है जो बदलते मानवीय अनुभवों को उजागर करता है और डोगरी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाता है।
मुख्य अतिथि प्रो. आर. डी. शर्मा ने उपन्यास की विषयवस्तु और कथात्मक सशक्तता की सराहना करते हुए कहा कि साहित्य समाज में हो रहे परिवर्तनों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। वहीं प्रो. वीणा गुप्ता ने शैक्षणिक संस्थानों और साहित्यिक संगठनों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। लेखक इंदरजीत केसर ने बताया कि यह रचना वास्तविक जीवन के अनुभवों और बदलते सामाजिक परिवेश से प्रेरित है जिसमें पारंपरिक मूल्यों और आधुनिक जीवन के बीच संवाद को दर्शाया गया है।
प्रसिद्ध साहित्यकार अशोक खजूरिया ने उपन्यास पर विस्तृत शोधपत्र प्रस्तुत किया जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रोमिला मन्हास ने प्रभावशाली ढंग से किया। अंत में डोगरी संस्था जम्मू के सचिव पवन वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

