home page

सरकार ने जल शक्ति इंजीनियरिंग कैडर के बड़े पुनर्गठन को दी मंजूरी

 | 

जम्मू, 15 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश में जल आपूर्ति और जल अवसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से जल शक्ति विभाग के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर इंजीनियरिंग (राजपत्रित) सेवा के कैडर की व्यापक समीक्षा और पुनर्गठन को मंजूरी दे दी है।

सरकारी आदेश के अनुसार विभाग में तकनीकी सचिव के पद का सृजन, एक अलग डीआईक्यूसी की स्थापना और जम्मू-II और बांदीपोरा जल सर्किल के लिए अधीक्षण अभियंता के कार्यालयों के सृजन को मंजूरी दी गई है। आदेश में गंडोह, गुरेज और तंगदार में जल प्रभागों सहित 6 नए प्रभागों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है।

इसके अलावा मेंढर में एक पीएचई प्रभाग और जम्मू और कश्मीर प्रांतों के लिए 2 जल गुणवत्ता और निगरानी प्रभागों का गठन किया गया है। सरकार ने यांत्रिक उप-मंडलों के पुनर्गठन, 62 मौजूदा पदों को घटाकर 43 नए पदों के सृजन, 10 पदों के कैडर में शामिल करने और कैडर के भीतर 137 पदों के पुनर्आवंटन को भी मंजूरी दी है।

इसके अलावा विभाग के कामकाज को सुव्यवस्थित करने के लिए मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता और सहायक कार्यकारी अभियंता सहित विभिन्न इंजीनियरिंग श्रेणियों के प्रतिनियुक्ति और अवकाश आरक्षित पदों में भी बदलाव किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता