home page

सरकार पहलगाम आतंकी हमले जैसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए प्रतिबद्ध है-मुख्यमंत्री उमर

 | 

श्रीनगर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू- कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि सरकार पहलगाम आतंकी हमले जैसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।

पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री उमर ने कहा कि यह दिन दुखद है क्योंकि क्षेत्र उन पीड़ितों को याद कर रहा है जो छुट्टियों के दौरान मारे गए। उन्होंने कहा कि आज हम सभी के लिए बहुत दुखद दिन है क्योंकि हम पहलगाम की दुखद घटना को याद कर रहे हैं। हम उन सभी शहीदों को याद कर रहे हैं जिन्हें गोली मार दी गई जिनका कोई दोष नहीं था। वे छुट्टियां मनाने आए थे और आतंकवादियों ने उन्हें निशाना बनाकर उनकी जान ले ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह त्रासदी जम्मू और कश्मीर के लोगों पर आज भी गहरा असर डाल रही है। उन्होंने कहा, “हम अभी भी शोक में डूबे हुए हैं।” उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हमले के बाद सरकार ने निवारक उपायों को मजबूत करने का दृढ़ रुख अपनाया था।

उन्होंने कहा कि हमने उस दिन फैसला किया था और हम आज भी उस रुख पर कायम हैं कि हमारा पूरा प्रयास यह सुनिश्चित करना होगा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने की जिम्मेदारी सभी संस्थानों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चाहे वह चुनी हुई सरकार हो, केंद्र सरकार हो या कानून व्यवस्था तंत्र, हम सब मिलकर इस प्रयास को संभव बनाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता