home page

गोदरेज फैक्ट्री विवाद-पूर्व मंत्री चाैधरी लाल सिंह ने श्रमिकों को दिया समर्थन

 | 
गोदरेज फैक्ट्री विवाद-पूर्व मंत्री चाैधरी लाल सिंह ने श्रमिकों को दिया समर्थन


कठुआ, 27 मई (हि.स.)। गोदरेज फैक्ट्री से निकाले गए श्रमिकों के समर्थन में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता चाैधरी लाल सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और श्रमिकों के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार इकाई प्रबंधन ने बिना नोटिस दिए और घाटे का हवाला देकर श्रमिकों को बाहर किया है, वह पूरी तरह गलत है।

चाैधरी लाल सिंह ने कहा कि फिलहाल यह मामला अदालत में विचाराधीन है इसलिए श्रमिकों को कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब इकाई प्रबंधन, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन श्रमिकों की बात नहीं सुनते, तब अदालत ही न्याय दिलाने का सबसे बड़ा माध्यम बनती है। उन्होंने श्रमिकों के शांतिपूर्ण धरने को उनका अधिकार बताते हुए कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा यह आरोप लगाया जा रहा है कि श्रमिक उनके काम में बाधा डाल रहे हैं जबकि यदि फैक्ट्री घाटे में है और काम बंद है तो बाधा का सवाल ही नहीं उठता। यह केवल श्रमिकों को हटाने का बहाना है।

इस दौरान उनके साथ मौजूद एडवोकेट कीर्ति भूषण ने भी श्रमिकों का पक्ष लेते हुए कहा कि वे इस मामले को अदालत में मजबूती से लड़ेंगे और श्रमिकों को उनका हक दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस दौरान उनके साथ मौजूद कांग्रेस जिला प्रधान पंकज डोगरा ने कहा कि केंद्र सरकार ने जब इन औद्योगिक इकाइयों को जम्मू-कश्मीर में स्थापित किया था तब उन्हें भारी सब्सिडी दी गई थी ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। लेकिन जैसे ही सब्सिडी समाप्त हुई, अब फैक्ट्री प्रबंधन घाटे का बहाना बनाकर इकाई बंद करने की कोशिश कर रहा है जो कानूनन गलत है। अंत में नेताओं ने श्रमिकों से धैर्य बनाए रखने और न्याय के लिए अदालत के फैसले का इंतजार करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया