जम्मू में 28 से 30 सितंबर तक ‘गतिशील जम्मू-कश्मीर 2.0’ प्रदर्शनी
जम्मू,, 27 सितंबर (हि.स.)।
जम्मू में 28 से 30 सितंबर 2026 तक कन्वेंशन सेंटर, इंदिरा थिएटर कैनाल रोड में तीन दिवसीय मेगा प्रदर्शनी ‘गतिशील जम्मू-कश्मीर 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य विभिन्न केंद्रीय और जम्मू-कश्मीर सरकार के विभागों, संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों, शोध एवं वैज्ञानिक संगठनों, वित्तीय संस्थानों और उद्योग जगत को एक मंच पर लाकर विकास, नवाचार और संस्थागत उपलब्धियों को प्रदर्शित करना है। कार्यक्रम में रक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, वित्तीय सेवाओं, ऊर्जा दक्षता, शिक्षा, बुनियादी ढांचे, डिजिटल प्रशासन, रेलवे विद्युतीकरण और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े संस्थान भाग लेंगे। प्रदर्शनी में आधार से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी जिनमें नए आधार पंजीकरण और आवश्यकतानुसार विवरण में सुधार या अपडेट की सुविधा शामिल है। प्रदर्शनी आम लोगों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी और प्रवेश निःशुल्क होगा। आयोजकों के अनुसार छात्रों, युवाओं, उद्यमियों, पेशेवरों, उद्योग प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी पहलों, तकनीकों, सेवाओं और संस्थागत गतिविधियों की जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

