home page

स्कूलों के निरीक्षण से लेकर सीखने की खाई पाटने तक, शिक्षा विभाग ने तेज किए प्रयास

 | 
स्कूलों के निरीक्षण से लेकर सीखने की खाई पाटने तक, शिक्षा विभाग ने तेज किए प्रयास


कठुआ, 03 सितंबर (हि.स.)। मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ केवाल कृष्ण ने जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता और शिक्षण माहौल का जायजा लिया। उन्होंने केजीबीवी भड्डू, एचएसएस नगरोटा गुजरू और मिडिल स्कूल प्रांजली में शिक्षकों व विद्यार्थियों से बातचीत कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।

इसी क्रम में कठुआ में कैच-अप कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय रिसोर्स पर्सन्स प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में एचएसएस महानपुर में छह जोन तथा दूसरे चरण में जीएचएसएस बॉयज कठुआ में छह जोन के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों की भाषा एवं गणित में वास्तविक सीखने के स्तर की पहचान, मूल्यांकन, डेटा प्रबंधन और प्रभावी कक्षा रणनीतियों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता मजबूत करना और सीखने की खाई को पाटना रहा। इस दौरान केजीबीवी भड्डू में पौधरोपण अभियान भी चलाया गया जिसमें उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, सीईओ केवाल कृष्ण, एडीसी बिलावर विश्वजीत सिंह और सीपीओ रंजीत ठाकुर ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया