home page

पीर की गली और गुरेज में ताज़ा बर्फबारी, जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के आसार के चलते मुगल रोड बंद

 | 

श्रीनगर, 11 नवंबर(हि.स.)। बुधवार को मुगल रोड पर 'पीर की गली' और गुरेज घाटी में ताजा बर्फबारी हुई। 12 से 14 नवंबर के बीच पूरे जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण सड़क पर यातायात रोक दिया है और संवेदनशील इलाकों में पर्यटकों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर को राजौरी और पुंछ जिलों से जोड़ने वाली मुगल रोड को 'पीर की गली' इलाके में हल्की बारिश और बर्फबारी के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। राजौरी-पुंछ रेंज के ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), एजाज अहमद चौधरी ने बताया कि सड़क पर फिसलन होने के कारण एहतियात के तौर पर इसे बंद करने का आदेश दिया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि जब तक रास्ता खुलने की सूचना न मिले तब तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और ताजा जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के संपर्क में रहें।

उत्तरी कश्मीर की गुरेज घाटी में भी ताजा बर्फबारी हुई है जिससे वहां का इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही पर्यटकों को इस घाटी में न जाने की सलाह दी थी।

श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों के दौरान मैदानी इलाकों में व्यापक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। कुछ पहाड़ी इलाकों में एक से दो फीट तक बर्फ जमा हो सकती है।

श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. मुख्तार अहमद ने बताया कि एक शुरुआती 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो रही है। मुख्य मौसमी गतिविधि 12 नवंबर की तड़के शुरू होने और 14 नवंबर की सुबह तक जारी रहने की उम्मीद है।

अहमद ने कहा कि यह एक बड़ा मौसमी बदलाव है। मैदानी इलाकों में मुख्य रूप से बारिश होगी जबकि पर्यटन स्थलों पर मध्यम बर्फबारी की उम्मीद है। इससे दूधपथरी, पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग में इस सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिलेगी l उन्होंने बताया कि पीर की गली, सिंथन टॉप, जोजिला, राजदान पास, साधना टॉप और मार्गन पास सहित ऊंचाई वाले इलाकों और पहाड़ी दर्रों में भारी बर्फबारी होने की संभावना है। कुछ जगहों पर एक से दो फीट तक बर्फ जमा हो सकती है।

विभाग ने शोपियां, कुलगाम, कुपवाड़ा, बांदीपोरा और आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी या मिश्रित वर्षा होने की 50 प्रतिशत संभावना जताई है। इस पूर्वानुमान को देखते हुए बांदीपोरा जिला प्रशासन ने पर्यटकों के गुरेज घाटी जाने पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। साथ ही जो पर्यटक पहले से वहां मौजूद हैं, उनसे कहा गया है कि वे जिला नियंत्रण कक्ष (डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम) के साथ समन्वय करके तुरंत वहां से लौटने की योजना बनाएं।

15 नवंबर को 'अकाउंट्स असिस्टेंट' की लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और मौसम खराब होने से पहले अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच जाएं।

प्रशासन ने ऊंचे इलाकों में रहने वाली उन गर्भवती महिलाओं को जिनकी डिलीवरी की संभावित तारीख अगले महीने के भीतर है पास के अस्पतालों में जाने की सलाह दी है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि बर्फबारी के कारण सड़क संपर्क कट जाने की स्थिति में उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके। निवासियों से अपील की गई है कि वे गुरेज और अन्य ऊंचे इलाकों की ओर अनावश्यक यात्रा करने से बचें। साथ ही मौसम के पूर्वानुमान वाले दिनों में संवेदनशील इलाकों में किसी भी तरह के सामाजिक आयोजन करने से परहेज करें। इस बीच अनंतनाग जिला प्रशासन ने मौसम से जुड़ी आपात स्थितियों और लोगों की शिकायतों से निपटने के लिए अपने 'जिला आपातकालीन संचालन केंद्र' को चौबीसों घंटे सक्रिय कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता