home page

मथवार में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, ग्रामीणों को मिली जांच, परामर्श और दवाओं की सुविधा

 | 
मथवार में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, ग्रामीणों को मिली जांच, परामर्श और दवाओं की सुविधा


जम्मू, 09 अगस्त (हि.स.)। संस्कृत माह के अवसर पर सेवा, करुणा और जनकल्याण की भावना को समर्पित नि:शुल्क चिकित्सा जांच एवं दवा वितरण शिविर रविवार को बाबा बल्लो जी देव स्थान, मथवार में आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन देव स्थान के महंत यशपाल महाराज और जम्मू उत्तर के विधायक श्याम लाल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। शिविर का आयोजन श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट, रायपुर ठठर, श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल, कटरा तथा आयुष विभाग, जम्मू के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

मथवार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाओं की सुविधा का लाभ उठाया। ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध करवाना शिविर की प्रमुख विशेषता रही।

इस अवसर पर विधायक श्याम लाल शर्मा ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में इस तरह के चिकित्सा शिविर आयोजित करना जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों की भौगोलिक या आर्थिक स्थिति पर निर्भर नहीं होनी चाहिए और ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए ऐसे शिविर उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से कई स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है।

बाबा बल्लो जी देव स्थान के महंत यशपाल महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मानव सेवा को विशेष स्थान प्राप्त है। उन्होंने शिविर के आयोजन में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, चिकित्सा टीम, ट्रस्ट सदस्यों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल के कार्यकारी निदेशक डॉ. यश पाल शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि इनसे लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलती है।

श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि संस्कृत माह के दौरान आयोजित यह शिविर भारतीय परंपरा में निहित सेवा, करुणा और लोककल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी ग्रामीण और जरूरतमंद क्षेत्रों में जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

इस मौके पर ट्रस्ट के न्यासी एवं प्रमुख सदस्यों आर.के. चिब्बर, राधे शर्मा, कुलभूषण जामवाल, बॉबी सिंह, सुमन लाल शास्त्री, लक्की शर्मा और राकेश मल्होत्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा