कुंडेश्वर धाम के निर्माण स्थल पर लगातार चोरी, दो दिन में चार वारदात का आरोप
जम्मू,, 03 अक्टूबर (हि.स.)।
बिश्नाह के वार्ड नंबर-6 स्थित धार्मिक स्थल कुंडेश्वर धाम में बनाए जा रहे श्मशान शेड और प्रतीक्षालय के निर्माण स्थल पर लगातार चोरी की घटनाओं का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार महज दो दिनों के भीतर दिन और रात के समय चार बार चोरी की घटनाएं हुई हैं जिससे निर्माण स्थल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार कुंडेश्वर धाम में श्मशान शेड और प्रतीक्षालय का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण स्थल पर रखे सामान को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और दो दिनों के भीतर चार बार चोरी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में हुई चोरी की एक घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। दावा किया गया है कि कैमरे में दर्ज तस्वीरों में चोरी करने वाले कथित लोगों की पहचान भी साफ दिखाई दे रही है। संबंधित सीसीटीवी तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों ने इस बात पर भी चिंता जताई कि निर्माण स्थल बिश्नाह पुलिस थाने से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद बार-बार चोरी की घटनाएं होना चिंता का विषय है।
लोगों ने पुलिस और संबंधित विभाग से मामले का जल्द संज्ञान लेने, सीसीटीवी तस्वीरों की जांच कर चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा कुंडेश्वर धाम के निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि निर्माण सामग्री को सुरक्षित रखा जा सके और आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

