गोवंश तस्करी के चार प्रयास विफल, 63 गोवंश मुक्त, दो गिरफ्तार
कठुआ, 19 नवंबर (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजबाग, हटली मोड़ और लखनपुर क्षेत्रों में चार अलग-अलग मामलों का पर्दाफाश कर 63 गोवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है।
इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ तीन ट्रकों और एक महिंद्रा लोड कैरियर सहित चार वाहनों को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार चडवाल क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान एक ट्रक से 25 गोवंश बरामद किए गए और दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। राजबाग पुलिस ने एक अन्य ट्रक से 10 गोवंश मुक्त कराकर वाहन जब्त किया।
वहीं हटली मोड़ में एक महिंद्रा लोड कैरियर से तीन और लखनपुर ट्रक टर्मिनल के पास एक ट्रक से 25 गोवंश बरामद किए गए। सभी मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस ने लोगों से गोवंश तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 या 9858034100 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

