home page

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के बयान पर पूर्व मंत्री का पलटवार, कहा : भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा से परेशान है पाकिस्तान

 | 
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के बयान पर पूर्व मंत्री का पलटवार, कहा : भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा से परेशान है पाकिस्तान


जम्मू, 05 जुलाई (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री बाली भगत ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स के गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन सम्मान को लेकर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे गैर-जिम्मेदाराना, राजनीतिक रूप से प्रेरित और भारत के प्रति पाकिस्तान की निरंतर नकारात्मक सोच का परिचायक बताया। बाली भगत ने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित नेतृत्व पर निराधार टिप्पणी करने के बजाय पाकिस्तान के राजनीतिक नेतृत्व को अपने देश की आर्थिक अस्थिरता, सुशासन की चुनौतियों, बढ़ते उग्रवाद और आम नागरिकों के कल्याण जैसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा निरंतर आर्थिक प्रगति, मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाओं, निर्णायक नेतृत्व और स्वतंत्र विदेश नीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी संप्रभु देश द्वारा दिया गया सम्मान उसका स्वतंत्र निर्णय होता है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए न कि उस पर बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीतिक रंग दिया जाए। पूर्व मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान के नेताओं द्वारा बार-बार भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान पाकिस्तान की आंतरिक चुनौतियों से नहीं हट सकता। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और उग्रवाद से जुड़े मुद्दों के कारण पाकिस्तान की छवि लंबे समय से प्रभावित रही है और वहां की सरकार को अपने देश में सार्थक सुधारों पर ध्यान देना चाहिए।

बाली भगत ने कहा कि पाकिस्तान की जनता शांति, स्थिरता और विकास की हकदार है लेकिन दुर्भाग्य से वहां का नेतृत्व आर्थिक पुनरुद्धार, रोजगार सृजन और आंतरिक सुधारों के बजाय भारत विरोधी बयानबाजी में अधिक रुचि दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक स्तर पर उसकी कूटनीतिक भूमिका लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि बयानबाजी के माध्यम से भारत की उपलब्धियों को कमतर दिखाने के प्रयास उसकी अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता को प्रभावित नहीं कर सकते।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा