home page

अनुच्छेद 370 पर बयान को लेकर पूर्व मंत्री का कांग्रेस-एनसी पर हमला, सैफुद्दीन सोज के बयान पर कांग्रेस से मांगा रुख स्पष्ट करने का जवाब

 | 
अनुच्छेद 370 पर बयान को लेकर पूर्व मंत्री का कांग्रेस-एनसी पर हमला, सैफुद्दीन सोज के बयान पर कांग्रेस से मांगा रुख स्पष्ट करने का जवाब


जम्मू, 16 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बली भगत ने गुरुवार को अनुच्छेद 370 को लेकर कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रो. सैफुद्दीन सोज पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुच्छेद 370 की बहाली संबंधी हालिया बयानों ने कांग्रेस की राजनीतिक मंशा उजागर कर दी है और जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर पार्टी के रुख को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा की है।

बाली भगत ने कहा कि अनुच्छेद 370 कोई स्थायी संवैधानिक प्रावधान नहीं था बल्कि अस्थायी व्यवस्था थी जिसे 5 अगस्त 2019 को समाप्त कर जम्मू-कश्मीर का भारत के साथ पूर्ण संवैधानिक एकीकरण सुनिश्चित किया गया। उन्होंने दावा किया कि इसकी बहाली की मांग कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और यह मुद्दा अब हमेशा के लिए समाप्त हो चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को अनुच्छेद 370 की बहाली के मुद्दे से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार जम्मू-कश्मीर के लोग शांति, विकास, निवेश और रोजगार चाहते हैं जबकि कुछ राजनीतिक दल पुराने विवादित मुद्दों को फिर से उठाकर लोगों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि अनुच्छेद 370 ने जम्मू-कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों के बीच संवैधानिक दूरी पैदा की थी तथा अलगाववादी सोच को बढ़ावा दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस की नीतियों ने वर्षों तक अलगाववादी राजनीति को प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में पर्यटन, विकास कार्य और निवेश बढ़ रहा है लेकिन विपक्ष इन सकारात्मक बदलावों का समर्थन करने के बजाय पुराने राजनीतिक मुद्दों को उभार रहा है।

बली भगत ने कांग्रेस नेतृत्व से यह स्पष्ट करने की मांग की कि क्या वह प्रो. सैफुद्दीन सोज के अनुच्छेद 370 संबंधी विचारों से सहमत है या उनसे खुद को अलग मानता है। उन्होंने दावा किया कि सोज के बयान कांग्रेस की वास्तविक सोच को दर्शाते हैं और पार्टी को इस विषय पर अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा