कठुआ में भगवान परशुराम चौक पर शस्त्र चिन्ह स्थापना निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास
कठुआ, 19 अप्रैल (हि.स.)। अक्षय तृतीया एवं भगवान श्री परशुराम जयंती के पावन अवसर पर जिला सचिवालय के समीप स्थित परशुराम चौक पर भगवान श्री परशुराम जी के शस्त्र चिन्ह स्थापना हेतु निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर पूरे कठुआ क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में जिला उपायुक्त राजेश शर्मा, जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया तथा श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया और निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। गौरतलब है कि वर्ष 2020 में इस चौक का नाम भगवान श्री परशुराम चौक रखा गया था। इसके बाद से ही चौक के बीच प्रतिमा अथवा शस्त्र चिन्ह स्थापित करने की मांग उठ रही थी। हालांकि, तकनीकी व प्रशासनिक कारणों के चलते इसे चौक के मध्य के बजाय किनारे स्थापित करने को लेकर चर्चा चल रही थी।
हाल ही में नशा मुक्ति जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत निकली एक पदयात्रा के दौरान उपराज्यपाल की नजर इस चौक पर पड़ी थी, जिसके बाद इस विषय को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज हुई। संबंधित विभागों द्वारा स्थल चिन्हित करने के बाद आज से निर्माण कार्य विधिवत शुरू कर दिया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज सहित सभी वर्गों के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे धार्मिक आस्था व सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला कदम बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

