अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा, एक और ट्रक जब्त, बीते चार दिनों में दस ट्रक जब्त
कठुआ, 13 मई (हि.स.)। डीएफओ कठुआ अंकित सिन्हा आईएफएस के मार्गदर्शन में अवैध लकड़ी और जलाऊ लकड़ी की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग कठुआ ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार तड़के कठुआ वन प्रभाग की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध जलाऊ लकड़ी से लदे एक ट्रक को जब्त किया।
जानकारी के अनुसार कठुआ रेंज और एपीसीपी लखनपुर रेंज की संयुक्त टीम ने मगर खड्ड क्षेत्र में पंजाब की ओर जा रहे ट्रक जेके19-3512 को रोककर जांच की जिसमें अवैध रूप से भरी गई जलाऊ लकड़ी बरामद हुई। मौके पर ही ट्रक को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई में रेंज अधिकारी नीतन खजूरिया (कठुआ रेंज) और संजीव सिंह (एपीसीपी लखनपुर) के साथ ब्लॉक मुख्यालय कठुआ के सुमित शर्मा और दोनों रेंज के अन्य वन कर्मियों ने हिस्सा लिया।
वन विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों में अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 10 मई को पांच ट्रक, 8 मई को दो ट्रक और 7 मई को एक ट्रक अवैध लकड़ी के साथ जब्त किए जा चुके हैं। डीएफओ कठुआ ने स्पष्ट किया कि अवैध कटाई, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध लकड़ी कटान या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। वन विभाग ने दोहराया कि जंगलों की सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

