home page

डॉ. बी.सी. रॉय ट्रॉफी के लिए फुटबॉल चयन ट्रायल शुरू, 375 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

 | 
डॉ. बी.सी. रॉय ट्रॉफी के लिए फुटबॉल चयन ट्रायल शुरू, 375 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण


जम्मू, 31 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर खेल परिषद ने शुक्रवार को 2026-27 डॉ. बी.सी. रॉय ट्रॉफी राष्ट्रीय जूनियर बालक फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए ओपन चयन ट्रायल शुरू कर दिए। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के तत्वावधान में आयोजित इस चयन प्रक्रिया के लिए केंद्र शासित प्रदेश भर से 375 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। पहले चरण के ट्रायल जम्मू और श्रीनगर में एक साथ आयोजित किए गए। कश्मीर संभाग से 248 तथा जम्मू संभाग से 127 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। कश्मीर संभाग के ट्रायल श्रीनगर के टीआरसी स्थित सिंथेटिक टर्फ फुटबॉल स्टेडियम में जबकि जम्मू संभाग के ट्रायल परेड ग्राउंड स्थित मिनी स्टेडियम सिंथेटिक टर्फ में आयोजित हुए। संभागीय स्तर के ट्रायल 1 अगस्त को भी इन दोनों स्थानों पर जारी रहेंगे।

संभागीय स्तर पर चयनित खिलाड़ी 3 और 4 अगस्त को श्रीनगर के टीआरसी सिंथेटिक टर्फ फुटबॉल स्टेडियम में होने वाले यूटी स्तर के चयन ट्रायल में भाग लेंगे। यह चयन प्रक्रिया उन खिलाड़ियों के लिए है जिनका जन्म 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच हुआ हो और जो जम्मू-कश्मीर के निवासी हों। यूटी स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को श्रीनगर में आयोजित कोचिंग शिविर में प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसके बाद अंतिम टीम की घोषणा की जाएगी। एआईएफएफ के दिशा-निर्देशों के अनुसार चयनित खिलाड़ियों का आवश्यक होने पर बोन एज वेरिफिकेशन टेस्ट भी कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा