home page

नशे से मुकाबले के लिए फुटबॉल मैदान बना हथियार, कठुआ लीग का आगाज आज

 | 
नशे से मुकाबले के लिए फुटबॉल मैदान बना हथियार, कठुआ लीग का आगाज आज


कठुआ, 11 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन की ओर से नशा मुक्त अभियान के तहत आयोजित होने वाली कठुआ फुटबॉल लीग के लिए शुक्रवार को डीसी कार्यालय परिसर के सम्मेलन कक्ष में उपायुक्त राजेश शर्मा ने ट्रॉफी और टीम किट का अनावरण किया। लीग का पहला मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जिला स्तर पर उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। लीग में कठुआ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 12 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय फुटबॉल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने और खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखकर सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी है। लीग के आगाज को लेकर जिले के फुटबॉल प्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह है।

इस दौरान एडीसी महिमा मदान, सीपीओ रंजीत ठाकुर, डीवाईएसएसओ सुनील कुमार, डीआईओ गुरप्रीत सिंह सहित भाग लेने वाली टीमों के कप्तान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया