उधमपुर में आपसी झड़प के बाद एक वीडीजी सदस्य ने अन्य सदस्यों पर चलाई गोली, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
| Aug 14, 2026, 15:52 IST
जम्मू, 14 अगस्त (हि.स.)। जम्मू संभाग के उधमपुर में आपसी झड़प के बाद ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) सदस्य द्वारा गोली चलाने से एक वीडीजी सदस्य की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुदूर पंचारी इलाके में उस समय घटी जब वीडीजी सदस्य दमनोट पुलिस चौकी की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि ससरी दमनोट निवासी सुरजीत सिंह ने गुस्से में आकर अपने साथियों पर गोली चला दी जिसमें बलदेव सिंह की मौत हो गई और रमेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं लेकिन झड़प का सटीक कारण और गोलीबारी की घटना का क्रम अभी तक पता नहीं चल पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

