उधमपुर में ड्रग की तस्करी में पांच गिरफ्तार
जम्मू, 29 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में अलग-अलग मामलों में पांच लाेगाें काे ड्रग तस्करी के आराेप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से ड्रग्स भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दाैरान रेहम्बल पुलिस स्टेशन की एक टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर गार्नई चौक पर एक टाटा टियागो कार को रोक कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उन्हें गाड़ी से हेरोइन बरामद हुई। इस पर पुलिस ने कार चालक अभिषेक गुप्ता और सह-यात्री इशान खजुरिया को गिरफ्तार कर लिया।
एक अन्य मामले में धीरज शर्मा को नियमित गश्त के दौरान जिब इलाके में पकड़ा, उसके पास से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस की नाका टीम ने राजेंद्र शर्मा को रौन डोमेल में बेली ब्रिज के पास पकड़ा गया और उसके पास से हेरोइन बरामद की गई। उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में मजालता इलाके में बट्टल नाका पर एक ऑल्टो कार से हेरोइन मिलने के बाद कार चालक इरफान अली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत ड्रग तस्करों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए और आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

