अनंतनाग में पांच नशीले पदार्थों के तस्कर गिरफ्तार, 5.9 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद
अनंतनाग, 17 अक्टूबर (हि.स.)। अनंतनाग पुलिस ने जिले भर में चलाए गए विभिन्न अभियानों के दौरान पांच नशीले पदार्थों के तस्करों को गिरफ्तार किया है और 5.9 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किए हैं।
पहले अभियान में श्रीगुफवारा पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों ने हाटीगाम क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग के दौरान गुलाम मोहम्मद गनी के पुत्र और सिरहामा निवासी शाहनवाज अहमद गनी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि उसके पास से 5 किलोग्राम और 780 ग्राम चरस पाउडर बरामद किया गया। श्रीगुफवारा पुलिस स्टेशन में मादक पदार्थ एवं मनोरोगी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 8/20 के तहत एफआईआर संख्या 103/2026 दर्ज की गई है।
एक अलग अभियान में कोकरनाग पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों ने कोकरनाग-बिदर क्षेत्र में गश्त के दौरान अब्दुल मजीद शेख के पुत्र और मागम के नाला सुनबहरी निवासी तनवीर अहमद शेख को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग 18 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद किया गया जिसके बाद एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत एफआईआर संख्या 172/2026 दर्ज की गई।
हिलर अरहामा कोकरनाग में एक अन्य अभियान में पुलिस ने गुलाम रशूल गनी के पुत्र और शेलिपोरा, अचबल निवासी रईस अहमद गनी को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग 40 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद किया गया। इस मामले में एफआईआर संख्या 173/2026 दर्ज की गई है। इसी बीच डूरू पुलिस ने पोली क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान नाजिर अहमद नजार के पुत्र और काप्रान निवासी आमिर अहमद नजार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि उसकी तलाशी के दौरान लगभग 90 ग्राम चरस बरामद की गई। डूरू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
पांचवें अभियान में संगम पुलिस चौकी की एक पुलिस टीम ने संगम क्षेत्र में गश्त के दौरान अब्दुल राशिद शेख के पुत्र और अवंतीपोरा के चारसू निवासी साहिल राशिद शेख को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि उसके पास से लगभग 1.78 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ है। बिजबेहरा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत एफआईआर संख्या 308/2026 दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

