केंद्रीय विद्यालय मीरां साहिब में सिविल डिफेंस का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न
जम्मू, 03 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय मीरां साहिब जम्मू में सिविल डिफेंस विभाग द्वारा 28 जुलाई से 3 अगस्त तक आयोजित पांच दिवसीय बेसिक सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस जम्मू एवं डीएसपी तजिंदर कौर (जेकेपीएस) के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण का समन्वय मुख्य वार्डन परमजीत कुमार और उप मुख्य वार्डन आर. विजय मगोत्रा ने किया।
प्रशिक्षण शिविर में लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को सिविल डिफेंस, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन, सीपीआर, सर्च एंड रेस्क्यू तथा अन्य जीवनरक्षक तकनीकों की सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी दी गई। सिविल डिफेंस टीम ने विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय मीरां साहिब की प्राचार्य सुनीता रानी ने भी भाग लिया और विद्यार्थियों को उपयोगी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए सिविल डिफेंस जम्मू के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर उप मुख्य वार्डन आर. विजय मगोत्रा ने प्राकृतिक आपदाओं, आग, औद्योगिक दुर्घटनाओं, सड़क हादसों और अन्य आपात स्थितियों के दौरान सिविल डिफेंस वार्डनों एवं स्वयंसेवकों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी।
3 अगस्त को आयोजित समापन समारोह के साथ प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और आयोजकों ने प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

