जम्मू में पहली बार जंबू लोचन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़
जम्मू, 03 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन द्वारा 5 अप्रैल से 12 अप्रैल तक एम.ए. स्टेडियम में प्रथम “जंबू लोचन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट” का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर की 10 टीमें हिस्सा लेंगी जो क्षेत्र की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेंगी।
टूर्नामेंट में मुलान स्पोर्ट्स क्लब, शाइन स्टार वॉरियर्स, रहाड़ी किंग्स 11, तंत्रे स्पोर्ट्स क्लब, हंटर क्रिकेट टीम, टाइगर इलेवन, एपेक्स क्रिकेट क्लब, जेंटल जायंट्स, ग्रीन स्टार भद्रवाह और मावेरिक्स क्रिकेट क्लब शामिल हैं। मैचों में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए अंपायर हर्ष नागर और दीपक गुप्ता की नियुक्ति की गई है जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी सुरिंदर कुमार निभाएंगे।
टूर्नामेंट में विजेता टीम को 1,00,000 रूपये और ट्रॉफी जबकि उपविजेता को 50,000 रूपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। “मैन ऑफ द सीरीज” को 5,000 रूपये और “मैन ऑफ द मैच” विजेताओं सहित विजेता टीम के खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह दिए जाएंगे। जेकेएमजीए के अध्यक्ष रणजीत सिंह चिब ने कहा कि यह टूर्नामेंट जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने और युवाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। वहीं महासचिव नीते कौर ने सभी व्यवस्थाओं के पूर्ण होने की जानकारी दी।
टूर्नामेंट के समन्वयक रमन आयोजन की देखरेख कर रहे हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि रणजी ट्रॉफी या जेकेसीए/बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे खिलाड़ी इसमें हिस्सा नहीं ले सकेंगे। यह टूर्नामेंट जम्मू-कश्मीर में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

