केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल आयोजित, आपात स्थिति से निपटने का दिया प्रशिक्षण
जम्मू, 19 मार्च (हि.स.)। जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय के नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज विभाग द्वारा कुलपति प्रो. संजीव जैन के संरक्षण में फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज कमांड, सांबा-कठुआ के सहयोग से “फायर फाइटिंग और इमरजेंसी रिस्पॉन्स” विषय पर एक व्यापक मॉक ड्रिल सह प्रदर्शन का आयोजन डीडीई भवन में किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. नीता रानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अनुराधा चौधरी द्वारा स्वागत भाषण से हुई जिसमें उन्होंने आगजनी जैसी आकस्मिक घटनाओं से निपटने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में “सुरक्षा संस्कृति” विकसित करने में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका को रेखांकित किया।
इसके बाद दर्शन सिंह और जोगराज सिंह ने आग के प्रकार, उसके कारणों और बचाव के उपायों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने फायर सेफ्टी उपकरणों के उपयोग और घरेलू स्तर पर अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। सत्र के अंत में प्रश्नोत्तर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसमें प्रतिभागियों ने अपने सवाल रखे। व्याख्यान के पश्चात भवन के बाहर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया जिसमें फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम, घर सिंह, रज़ाक हुसैन और विनोद कुमार सहित, ने लाइव प्रदर्शन के माध्यम से आग बुझाने की तकनीक और सुरक्षित निकासी (एवैक्यूएशन) की प्रक्रिया सिखाई। छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने इसमें सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन डॉ. आर. सुधाकर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने फायर सर्विसेज टीम की विशेषज्ञता की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में 126 से अधिक प्रतिभागियों जिनमें फैकल्टी सदस्य और शोधार्थी शामिल थे, ने भाग लेकर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

