विदेशी पर्यटकों के रुकने की बात छिपाने पर पहलगाम में होटल के खिलाफ एफआईआर दर्ज
अनंतनाग, 23 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने विदेशी नागरिकों के ठहरने की बात छिपाने और अनिवार्य रिपोर्टिंग मानदंडों का उल्लंघन करने के आरोप में पहलगाम के एक होटल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
देहवाटू क्षेत्र में नियमित जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि 22 मार्च की शाम को 19 ब्रिटिश नागरिकों सहित 23 विदेशी नागरिकों ने लाडी के एक होटल में प्रवेश किया था। पुलिस ने कहा कि होटल प्रबंधन ने पहलगाम पुलिस स्टेशन को सूचित नहीं किया और आवश्यक फॉर्म 'सी' जमा नहीं किया जिससे विदेशी और आप्रवासन अधिनियम, 2025 के प्रावधानों और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ।
पुलिस के अनुसार कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 18/2026 पुलिस स्टेशन पहलगाम में दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। जिला पुलिस अनंतनाग ने सभी होटल संचालकों से भविष्य में ऐसी कार्रवाई से बचने के लिए विदेशी मेहमानों की रिपोर्टिंग के संबंध में कानूनी आवश्यकताओं का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

