कठुआ में किराया निर्धारण समिति की बैठक, 13 मामलों को मंजूरी
कठुआ, 25 जुलाई (हि.स.)। जिला उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा की अध्यक्षता में जिला किराया निर्धारण समिति की बैठक डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा उपयोग में लाई जा रही निजी इमारतों के किराया निर्धारण मामलों को अंतिम रूप देना था।
बैठक में पीओ आईसीडीएस मुश्ताक चैधरी, अतिरिक्त उपायुक्त महिमा मदान, सहायक आयुक्त राजस्व विश्व प्रताप सिंह, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे जिनके कार्यालय निजी भवनों में संचालित हो रहे हैं।
बैठक के दौरान आईसीडीएस, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, स्वास्थ्य, शिक्षा, एफसीएस एंड सीए, सामाजिक कल्याण, आयुष, सीआईडी, राजस्व एवं जेकेआरएलएम सहित विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 14 किराया निर्धारण मामलों पर चर्चा की गई। समिति ने सभी मामलों का विस्तार से परीक्षण किया। गहन समीक्षा के बाद 14 में से 13 मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई जबकि एक मामले में तकनीकी कमियों के चलते उसे पुनः प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाली पड़े सरकारी भवनों को प्राथमिकता के आधार पर विभागीय कार्यालयों के संचालन हेतु उपयोग में लाया जाए। उन्होंने लंबित किराया निर्धारण मामलों को शीघ्र निपटाने पर भी जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

