home page

आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां चल रही हैं- मुख्य सचिव

 | 

जम्मू 8 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल दुल्लू ने सोमवार को कहा कि आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां चल रही हैं और अधिकारी पिछले वर्ष की तुलना में तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 57 दिनों की यह यात्रा जो 3 जुलाई को दक्षिण कश्मीर हिमालय में शुरू होकर 28 अगस्त को रक्षा बंधन के त्योहार के साथ समाप्त होगी, तीर्थयात्रियों को सुगम और आरामदायक अनुभव प्रदान करेगी।

मुख्य सचिव ने पत्रकारों से कहा कि सभी आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाएं की जा रही हैं और तीर्थयात्रा शुरू होने से पहले पूरी तरह से तैयार हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं कि बिजली आपूर्ति, जल आपूर्ति, तीर्थयात्रियों के लिए आवास, परिवहन, सुरक्षा और स्वास्थ्य देखभाल जैसी विभिन्न व्यवस्थाओं पर काम चल रहा है। ये सभी व्यवस्थाएं यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए की जा रही हैं। दुल्लू ने कहा कि पिछले वर्ष की तीर्थयात्रा के दौरान उपलब्ध सुविधाओं से बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जाएंगी। मुख्य सचिव ने कहा कि मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि तीर्थयात्रियों के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से की जाएंगी और यात्रा के दौरान उनका अनुभव अत्यंत सुखद होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता