सीबीएसई 12वीं परिणाम में शानदार प्रदर्शन, विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव
कठुआ, 14 मई (हि.स.)। 12वीं बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणामों में टाइनी स्कॉलर्स स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर संस्था का नाम रोशन किया है। इस शानदार सफलता ने विद्यालय की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और समर्पित शिक्षण पद्धति को प्रमाणित किया है।
विद्यालय की टॉपर दिव्यांका गुप्ता ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया और सभी छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनीं। इसके साथ ही 12 से अधिक विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिचय दिया। एक विशेष उपलब्धि अधिराज सिंह के नाम रही जिन्होंने 83 प्रतिशत अंक हासिल करने के साथ-साथ प्रतिष्ठित जेईई परीक्षा भी उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। विद्यालय के चेयरमैन, प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के निरंतर सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता सभी के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। प्रधानाचार्य ने अपने संदेश में कहा कि विद्यालय हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और करियर उन्मुख मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान देता रहा है जिसका सकारात्मक परिणाम इस वर्ष के परीक्षा परिणामों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

