home page

ईओडब्ल्यू ने कोविड आपूर्ति घोटाले में दो लोगों पर मामला दर्ज किया

 | 

श्रीनगर, 26 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने केंद्र शासित प्रदेश में कोविड-19 महामारी के दौरान चिकित्सा सामग्री की खरीद से जुड़े बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के आरोप में श्रीनगर के दो निवासियों के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज किया है।

ईओडब्ल्यू के मुताबिक यह मामला एक लिखित शिकायत के बाद शुरू किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि पीरबाग और सनत नगर, श्रीनगर के निवासियों ने खुद को जम्मू-कश्मीर मंत्रालय और ओएसडी सप्लाई के प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत किया। धोखे से उन्होंने विभागों और संस्थानों को चिकित्सा सामग्री के लिए भुगतान असली आपूर्तिकर्ताओं के नाम पर फर्जी तरीके से खोले गए बैंक खातों में स्थानांतरित करने के लिए प्रेरित किया।

बयान में कहा गया है कि आरोपितों ने कथित तौर पर असली आपूर्तिकर्ता की पहचान को गलत तरीके से प्रस्तुत करने के लिए फर्जी ई-मेल आईडी भी बनाईं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपितों ने बेईमानी से एक सरकारी कार्यालय से 27 लाख रुपये प्राप्त किए और एक सरकारी चिकित्सा संस्थान से धोखाधड़ी करके 2.24 करोड़ रुपये निकालने की योजना बनाई थी। बयान में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया साक्ष्यों के आधार पर अपराध सिद्ध होने के बाद केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह