विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करें-डीसी कठुआ
कठुआ, 27 अगस्त (हि.स.)। जिला विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने जिला कैपेक्स बजट 2026-27 और यूटी कैपेक्स के तहत चल रहे एवं स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों ने कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति तथा सामने आ रही समस्याओं की जानकारी दी।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित समयसीमा का पालन करने और आवंटित धनराशि का उचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय पर पूरा होना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
राजेश शर्मा ने नियमित फील्ड निरीक्षण और प्रभावी निगरानी पर जोर देते हुए अधिकारियों को कार्यों में आने वाली बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने तथा विभागीय समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ निर्धारित समय में लोगों तक पहुंच सके। बैठक में एडीडीसी सुरेंद्र मोहन, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, एसीडी अखिल सदोत्रा सहित विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंता और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

