home page

जम्मू में प्रवर्तन अभियान के तहत 445 यातायात उल्लंघन नोटिस जारी, 60 वाहन जब्त

 | 

जम्मू, 09 मार्च (हि.स.)। जम्मू मंडल में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए गए एक विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के लिए अधिकारियों ने 445 यातायात उल्लंघन नोटिस जारी किए और गंभीर अपराधों के लिए 60 वाहन जब्त किए।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सड़क सुरक्षा को प्रतिकूल रूप से प्रभावित करने वाले गंभीर उल्लंघनों के लिए 64 ड्राइविंग लाइसेंस और 20 पंजीकरण प्रमाण पत्र निलंबित करने की सिफारिश की गई है। अभियान के दौरान वसूल की गई कुल जुर्माने की राशि के बारे में अधिकारी ने बताया कि मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) ने जम्मू-कश्मीर के परिवहन आयुक्त विशेष पॉल महाजन के निर्देश पर जम्मू, उधमपुर, सांबा, रियासी, राजौरी, पुंछ, रामबन, किश्तवाड और डोडा जिलों में विशेष अभियान चलाया।

अधिकारी ने बताया कि रणनीतिक स्थानों पर कुल 24 चेक प्वाइंट स्थापित किए गए थे जहां 2,494 वाहनों की जांच की गई। उन्होंने आगे बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के लिए कुल 445 चालान जारी किए गए और गंभीर अपराधों के लिए 60 वाहन जब्त किए गए। जिलावार प्रवर्तन से पता चला कि ओवरलोडिंग, वैध दस्तावेजों के बिना ड्राइविंग, परमिट उल्लंघन, ओवर-स्पीडिंग जैसे कई महत्वपूर्ण उल्लंघनों के लिए 18.18 लाख रुपये की वसूली की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता