निजी बीएड कॉलेजों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा पर जोर, सकीना इटू ने दो वर्ष में कमियां दूर करने के दिए निर्देश
जम्मू, 12 जून (हि.स.)। स्कूल शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने सिविल सचिवालय श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर प्राइवेट बीएड कॉलेज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जम्मू-कश्मीर के शिक्षक शिक्षा संस्थानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के आयुक्त सचिव, उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मंत्री ने निजी बीएड कॉलेजों में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने तथा विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण और छात्र-केंद्रित सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने निजी बीएड कॉलेजों के प्रबंधन को निर्देश दिया कि वे भूमि संबंधी कमियों सहित सभी चिन्हित खामियों को दूर करने के लिए दो वर्षों के भीतर आवश्यक कदम उठाने संबंधी लिखित आश्वासन प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी प्रकार की अतिरिक्त छूट नहीं दी जाएगी।
सकीना इटू ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण आधारभूत ढांचा, पर्याप्त सुविधाएं और निर्धारित मानकों का पालन सक्षम शिक्षकों के निर्माण तथा शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भविष्य के शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक के दौरान प्राइवेट बीएड कॉलेज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने निजी कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे को केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले का शीघ्र समाधान होगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार सरकारी और निजी दोनों शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से एक मजबूत और प्रभावी शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जम्मू-कश्मीर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों में सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बैठक में एसोसिएशन की ओर से उठाए गए अन्य विभिन्न मुद्दों और मांगों पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज मांगों और समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा तथा प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

