home page

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्यों में तेजी लाने और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

 | 
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्यों में तेजी लाने और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था मजबूत करने पर जोर


जम्मू, 06 अगस्त (हि.स.)। ग्रामीण स्वच्छता निदेशक, जम्मू-कश्मीर, अनु मल्होत्रा (जेकेएएस) ने बारामूला में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत चल रही परियोजनाओं और ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में ग्रामीण स्वच्छता कश्मीर के उप निदेशक शबीर अहमद हाकक, सहायक आयुक्त पंचायत मुदासिर हुसैन, जिले के सभी ब्लॉक विकास अधिकारी, अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में ग्रामीण स्वच्छता परिसंपत्तियों, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्वच्छता अवसंरचना के टेंडर, परिसंपत्तियों के संचालन एवं रखरखाव तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की ब्लॉकवार समीक्षा की गई। अनु मल्होत्रा ने सभी ब्लॉक विकास अधिकारियों को स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक आयुक्त पंचायत को कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा तथा विशेष रूप से गुलमर्ग को 'नो प्लास्टिक जोन' बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, सेग्रिगेशन शेड और अन्य ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन ढांचे को पूरी तरह कार्यशील बनाने तथा घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी योजना, नियमित निगरानी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन से ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के उद्देश्यों को हासिल किया जा सकता है।

बैठक के बाद ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत एक्सटेंडेड प्रोड्यूसर रिस्पॉन्सिबिलिटीपर तकनीकी सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें उत्पादकों, आयातकों और ब्रांड स्वामियों की उपभोक्ता उपयोग के बाद उत्पन्न होने वाले कचरे के संग्रहण, पुनर्चक्रण और पर्यावरण अनुकूल निस्तारण की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा