home page

नई बस्ती फिश मार्केट में चोरों का धावा, एक ही रात में आठ दुकानों को बनाया निशाना

 | 

जम्मू,, 07 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू के नई बस्ती फिश मार्केट में एक ही रात में आठ दुकानों को निशाना बनाकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दुकानदारों में रोष है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

दुकानदारों के अनुसार चोरों ने रात के समय आठ दुकानों में सेंध लगाई और वहां लगे एयर कंडीशनर की तांबे की तार तथा कंप्रेसर चोरी कर फरार हो गए। सुबह दुकानदार जब अपनी दुकानों पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की घटना का पता चला।

दुकानदारों का कहना है कि बाजार के पास पुलिस का नाका भी रहता है। इसके बावजूद एक ही रात में कई दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लगे निगरानी कैमरों की तस्वीरों की जांच की जाए, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही चोरी का सामान खरीदे जाने की आशंका को देखते हुए आसपास के कबाड़ कारोबारियों पर भी निगरानी रखने की मांग की गई है।

दुकानदारों ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर चोरी में शामिल लोगों का जल्द पता लगाने, चोरी हुआ सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता