आठ छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, उपचार के बाद सभी घर लौटीं -प्रिंसिपल ने कहा ऐसी घटनाओं को सनसनीखेज बनाना उचित नहीं
कठुआ, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी हायर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल कठुआ में गुरुवार को स्कूल असेंबली के दौरान कुछ छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं। स्कूल प्रशासन ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज कठुआ पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। उपचार के बाद सभी छात्राओं को घर भेज दिया गया।
स्कूल प्रिंसिपल के अनुसार कुल आठ छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि छात्राओं के बेहोश होने की कोई विशेष वजह सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में स्कूलों के समय में बदलाव हुआ है और अब स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित हो रहे हैं। गर्मी के कारण भी असेंबली के दौरान कुछ छात्राओं की तबीयत प्रभावित हो सकती है। प्रिंसिपल ने बताया कि कुछ छात्राएं अन्य छात्राओं की तबीयत बिगड़ते देखकर घबरा गईं और उनकी भी तबीयत खराब हो गई। उन्होंने कहा कि स्कूल में इस तरह की स्वास्थ्य संबंधी छोटी-मोटी समस्याएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं। कई बच्चे पहले से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे होते हैं लेकिन स्कूल प्रशासन उन्हें स्कूल आने से रोक नहीं सकता।
उन्होंने सोशल मीडिया से भी अपील की कि छात्राओं से जुड़ी ऐसी घटनाओं को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया जाए और मामले को अनावश्यक रूप से बढ़ा-चढ़ाकर न दिखाया जाए। उन्होंने कहा कि छात्राओं का स्वास्थ्य और उनकी निजता संवेदनशील विषय है इसलिए ऐसी घटनाओं की रिपोर्टिंग करते समय विशेष सावधानी बरती जानी चाहिए। प्रिंसिपल ने स्पष्ट किया कि सभी आठ छात्राओं को अस्पताल में उपचार मिलने के बाद छुट्टी दे दी गई और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

