बी.एड. छात्रों का सीएसआईआर-आईआईआईएम जम्मू का शैक्षणिक दौरा
जम्मू, 13 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू में बी.एड. सेमेस्टर-2 के विज्ञान वर्ग के छात्रों ने अपने सत्रीय कार्य के तहत सीएसआईआर-भारतीय एकीकृत चिकित्सा संस्थान का शैक्षणिक दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य छात्रों को वास्तविक वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार से परिचित कराना था। इस कार्यक्रम का आयोजन भौतिक विज्ञान विभाग की प्रमुख प्रो. सुनंदा रानी और रिसर्च एंड डेवलपमेंट की संयोजक डॉ. सुषमा बाला के मार्गदर्शन में किया गया। संस्थान पहुंचने पर छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और डॉ. अदील ने पूरे दौरे के दौरान उन्हें विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं और सुविधाओं का विस्तृत परिचय दिया। दौरे की शुरुआत जनकी अम्मल हर्बेरियम से हुई जहां डॉ. किरण कौल ने पौधों के वर्गीकरण, संरक्षण तकनीकों और जैव विविधता में हर्बेरियम की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इसके बाद छात्रों ने मॉलीक्यूलर और जेनेटिक इंजीनियरिंग लैब का भ्रमण किया जहां शोधार्थी त्सेसिंग आंगरनो ने तंबाकू, कैनाबिस और अन्य औषधीय पौधों पर आधारित उन्नत अनुसंधान तकनीकों की जानकारी दी। इसके साथ ही प्लांट टिशू कल्चर लैब में शफाली भसीन ने माइक्रो-प्रोपेगेशन तकनीकों और रोगमुक्त पौधों के उत्पादन की प्रक्रिया समझाई। दौरे का अंतिम चरण ग्रीनहाउस सुविधा रहा जहां जैबा यूनिस ने नियंत्रित वातावरण में पौधों की बेहतर वृद्धि के लिए तापमान, नमी और प्रकाश के महत्व को बताया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने शोधकर्ताओं से संवाद किया और वैज्ञानिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। इस दौरे ने छात्रों की अवधारणात्मक समझ को मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। अंत में छात्रों ने इस उपयोगी और प्रेरणादायक अनुभव के लिए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

