home page

उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और राज्य कैबिनेट मंत्री जावेद राणा ने सोमवार को जम्मू की नेहरू मार्केट के गोदाम का किया दौरा, हर संभव मदद का दिया भराेसा

 | 

जम्मू, 09 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और राज्य कैबिनेट मंत्री जावेद राणा ने सोमवार को नेहरू मार्केट के उस गोदाम का दौरा किया जो आग की चपेट में आ गया था। वहां दुकानदारों और प्रभावित लोगों ने भारी नुकसान पर चिंता जताई और उचित मुआवजे तथा जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

रविवार रात को विक्रम चौक इलाके में स्थित इस ऐतिहासिक बाजार में कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। यह जम्मू के सबसे पुराने व्यावसायिक केंद्रों में से एक है जो अनाज और अन्य जरूरी वस्तुओं के थोक व्यापार के लिए जाना जाता है। बताया जा रहा है कि आग एक दुकान से शुरू हुई और तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गई। वहां बड़ी मात्रा में खाद्य तेल रखा था जिससे आग और भी भीषण हो गई।

सरकारी प्रतिनिधियों ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि इस घटना की जांच की जाएगी जिसमें फायर और इमरजेंसी सेवाओं के पहुंचने में हुई कथित देरी की जांच भी शामिल है। साथ ही नुकसान का आकलन किया जाएगा ताकि पीड़ितों को दी जाने वाली सहायता तय की जा सके।

दौरे के दौरान कुछ तनावपूर्ण पल भी देखने को मिले जब कुछ नाराज दुकानदारों ने नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि उन्हें सरकार से कोई उम्मीद नहीं है क्योंकि राजनीतिक प्रतिनिधियों के दौरे केवल आश्वासन, बयानों और फोटो खिंचवाने तक ही सीमित रहते हैं जबकि धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।

उन्होंने 25 अक्टूबर को जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट में लगी आग के पीड़ितों को अब तक राहत राशि न मिलने का भी जिक्र किया। बाद में उपमुख्यमंत्री ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री राणा के साथ प्रभावित दुकानदारों से बातचीत की और कहा कि वह उनकी शिकायतों के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे। इस बातचीत के दौरान वेयरहाउस एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक गुप्ता भी मौजूद थे। चौधरी ने कहा कि नुकसान बहुत बड़ा है। इस स्थिति को हल्के में नहीं लिया जा सकता और न ही केवल बयानों से काम चलेगा।

गुप्ता ने आरोप लगाया कि फायर और इमरजेंसी सर्विस विभाग की ओर से कार्रवाई में देरी हुई जिसके कारण आग फैल गई और लगभग 15 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। उन्होंने दावा किया कि फायर स्टेशन महज पांच मिनट की दूरी पर होने के बावजूद आग लगने के करीब 90 मिनट बाद केवल दो दमकल गाड़ियां पहुंचीं। उन्होंने इसे घोर लापरवाही करार देते हुए जिम्मेदारी तय करने और संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की। चिंताओं का जवाब देते हुए राणा ने कहा कि हो सकता है कि सरकार लोगों को उनके पूरे नुकसान की भरपाई न कर पाए लेकिन तय मानदंडों के अनुसार उन्हें मदद जरूर दी जाएगी। हम चाहते हैं कि लोगों को यह महसूस हो कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।

मंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि आग लगने के कारणों और फायर तथा इमरजेंसी सेवाओं के पहुंचने में हुई कथित देरी की विस्तृत जांच कराई जाएगी। मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ने शिव मार्केट में निर्माण, मरम्मत और नवीनीकरण के काम को आसान बनाने के लिए नियमों में ढील दी है और आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद वहां काम चल रहा है।

सांसद जुगल किशोर शर्मा, जम्मू कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा, विधायक विक्रम रंधावा और जम्मू कश्मीर भाजपा के के पूर्व अध्यक्ष रविंदर रैना के नेतृत्व में

के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी बाजार का दौरा किया और प्रभावित व्यापारियों के लिए उचित मुआवजे की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह