डिप्टी सीएम ने सीएम का भरोसा तोड़ा : एनसी विधायक जावेद इकबाल
जम्मू, 30 जून (हि.स.)।सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के विधायक जावेद इकबाल चौधरी ने मंगलवार को कहा कि डिप्टी सीएम ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जनता का भरोसा तोड़ा है। मुख्यमंत्री द्वारा फंड बंटवारे में हुई गड़बड़ियों को ठीक करने का निर्देश दिए जाने के बाद वे विरोधियों से हाथ मिला हुईकर उनके खिलाफ हो गए हैं।
बुढाल के विधायक जावेद चौधरी ने डिप्टी सीएम के तानाशाही और मनमाने रवैये की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सीएम और जनता दोनों का भरोसा तोड़ा है।
जावेद ने आगे कहा कि 3 जून को दाचीगाम में हुई एक बैठक में सीएम ने डिप्टी सीएम को फंड बंटवारे और अन्य मामलों में हुई गड़बड़ियों को ठीक करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम ने जो किया वह चौंकाने वाला है। उन्होंने गलतियों को सुधारने के बजाय हमारे विरोधियों से हाथ मिला लिया ताकि उनके खिलाफ आवाज़ उठाने के लिए हमें सबक सिखा सकें।
उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम उन विधायकों को एनसी से निकालने की धमकी दे रहे हैं जो उनके खिलाफ आवाज़ उठाते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम ने राजौरी ज़िले का लगभग सारा फंड अपने निर्वाचन क्षेत्र नौशेरा को आवंटित कर दिया है। उन्होंने कहा कि 2025-26 में हुए 33.71 करोड़ रुपये के खर्च में से 21.47 करोड़ रुपये नौशेरा क्षेत्र में इस्तेमाल किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना के तहत राजौरी ज़िले को आवंटित 9.22 करोड़ रुपये भी उनके क्षेत्र में डायवर्ट कर दिए गए।
जावेद ने दावा किया कि 2025-26 में 'नॉन-फंक्शनल बिल्डिंग्स' योजना के तहत इस्तेमाल किए गए 1.28 करोड़ रुपये में से 1.03 करोड़ रुपये अकेले डिप्टी सीएम के क्षेत्र में खर्च किए गए।
उन्होंने यह भी दावा किया कि 2025-26 के लिए यूटी केपेक्स बजट के तहत 200 करोड़ रुपये के कामों को प्रशासनिक मंज़ूरी दी गई है। उन्होंने कहा, उनके निर्वाचन क्षेत्र में 137 करोड़ रुपये के पुलों को मंज़ूरी दी गई है, लेकिन अन्य क्षेत्रों में एक भी पुल को मंज़ूरी नहीं मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

