home page

जम्मू में भाजपा की हार और अधिकारों को लेकर उपमुख्यमंत्री का भाजपा पर तीखा हमला

 | 

जम्मू,, 05 सितंबर (हि.स.)।

जम्मू में भाजपा की हार और जम्मू-कश्मीर के अधिकारों के मुद्दे को लेकर उप मुख्यमंत्री सुरिन्द्र चौधरी ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने विधानसभा में भाजपा की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों के लिए इस्तीफा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को नहीं बल्कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा को देना चाहिए क्योंकि विपक्ष के नेता के तौर पर उन्होंने अपनी जिम्मेदारी का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू क्षेत्र की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए उसे विधानसभा में 28 सीटें दीं लेकिन इसके बावजूद भाजपा जम्मू के हितों और अधिकारों की रक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू से मिले जनादेश के बावजूद क्षेत्र के साथ नाइंसाफी की जा रही है और भाजपा को इस पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में मजबूत विपक्ष की भूमिका केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि जम्मू-कश्मीर के अधिकारों, जनता की समस्याओं और क्षेत्रीय हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना भी विपक्ष की जिम्मेदारी है। इसी संदर्भ में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

उपमुख्यमंत्री ने लाल चौक को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लाल चौक जम्मू-कश्मीर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक स्थान है जहां से प्रदेश को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए जा सकते हैं। लेकिन उनके आरोप के मुताबिक भाजपा ने वहां लोगों को गुमराह करने के लिए राजनीतिक तमाशा करने का प्रयास किया।

उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि यदि पार्टी वास्तव में जम्मू-कश्मीर के अधिकारों और जनता के हितों की लड़ाई लड़ना चाहती है तो उसे श्रीनगर के लाल चौक में राजनीतिक प्रदर्शन करने के बजाय दिल्ली जाना चाहिए और केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के अधिकारों की वास्तविक लड़ाई सत्ता के केंद्र में जाकर उठाए जाने वाले मुद्दों से तय होगी। उन्होंने भाजपा से राजनीतिक दिखावे के बजाय जनता से जुड़े अधिकारों और समस्याओं पर ठोस कदम उठाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता