जम्मू में चैत्र नवरात्र के विशेष संयोग पर 26 मार्च को दुर्गाष्टमी व रामनवमी एक साथ
जम्मू, 24 मार्च (हि.स.)। जम्मू में चैत्र नवरात्र को लेकर इस वर्ष विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ज्योतिषाचार्य ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस बार तिथियों के विशेष संयोग के कारण पर्व अत्यंत शुभ और फलदायी रहेंगे। उन्होंने बताया कि वैदिक पंचांग के अनुसार गुरुवार, 26 मार्च को श्री दुर्गाष्टमी और श्री रामनवमी का पावन पर्व एक ही दिन मनाया जाएगा। यह दुर्लभ संयोग भक्तों के लिए विशेष पुण्यदायी माना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान श्रीराम का प्राकट्य मध्याह्न काल में हुआ था इसलिए जब नवमी तिथि मध्याह्न में होती है उसी दिन रामनवमी मनाना शास्त्रसम्मत होता है जो इस वर्ष 26 मार्च को पड़ रहा है।
महंत रोहित शास्त्री ने आगे जानकारी दी कि शुक्रवार, 27 मार्च को श्री दुर्गा नवमी (महानवमी) श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस दिन मां दुर्गा के नवम स्वरूप की पूजा के साथ नवरात्र का समापन होगा। उन्होंने बताया कि जो श्रद्धालु दुर्गा अष्टमी के दिन कन्या पूजन और साख विसर्जन करना चाहते हैं, वे 26 मार्च को यह अनुष्ठान कर सकते हैं, जबकि महानवमी के दिन पूजन करने वाले श्रद्धालु 27 मार्च को विधि-विधान से यह कार्य संपन्न कर सकते हैं। महानवमी के दिन कन्या पूजन, हवन एवं पूर्णाहुति का विशेष महत्व बताया गया है जिससे साधकों को आध्यात्मिक उन्नति और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
महंत रोहित शास्त्री ने जम्मू के श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इन पावन दिनों में नियम, संयम और श्रद्धा के साथ मां भगवती की उपासना करें तथा राम नाम का स्मरण करते हुए जीवन में धर्म और मर्यादा के आदर्शों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि नवरात्र आत्मशुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के संचार का सर्वोत्तम अवसर है। अंत में उन्होंने सभी से सामाजिक सद्भाव, प्रेम और एकता बनाए रखते हुए इन पर्वों को उल्लास और भक्ति भाव से मनाने का आह्वान किया तथा राष्ट्र की उन्नति और विश्व कल्याण के लिए प्रार्थना करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

